इंदौर में भाजपा नेता की हत्यारोपी गिरफ्तार, मंडीदीप में अपने रिश्तेदार के यहां छिपे थे दोनों बदमाश
इंदौर पुलिस ने भाजयुमो के नेता की हत्या मामले में दोनों आरोपियों को मंडीदीप से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मोनू की हत्या के पीछे वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आ रही है।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय के करीबी बीजेपी नेता मोनू कल्याणे की हत्यारोपी और अर्जुन को पुलिस ने सोमवार सुबह हिरासत में ले लिया है। उन्हें भोपाल से सटे मंडीदीप से पकड़ा गया। वे यहां एक रिश्तेदार के घर छिपे थे। पुलिस दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद दोनों को लेकर इंदौर के एमजी रोड थाने पहुंची।
पुलिस का कहना है कि मोनू की हत्या के पीछे वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आ रही है। इस हत्याकांड में पर्दे के पीछे से भाजपा का एक और नेता शामिल है। वह मोनू के पार्टी में बढ़ते कद से परेशान था। मोनू के मर्डर से पहले ही वह इंदौर से बाहर चला गया था। दोनों आरोपियों के साथ इस भाजपा नेता को भी डर था कि मोनू को नहीं मारा तो वह उन्हें मार देगा।
पीयूष और अर्जुन को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने मोनू की कॉल डिटेल भी खंगाली थी। इंदौर-भोपाल रोड के टोल नाके पर दोनों बाइक से जाते दिखाई दिए थे। दोनों की आखिरी लोकेशन मंडीदीप के आसपास मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने दोनों की घेराबंदी कर ली थी।
पुलिस मोनू द्वारा रविवार शाम निकाली जाने वाली भगवा यात्रा के एंगल पर भी जांच कर रही है। इसके लिए वह कई दिनों से प्रचार कर रहा था। दरअसल, मोनू ने बीते दिनों एक गैंगस्टर के धार्मिक यात्रा निकाले जाने के बाद से ही कहना शुरू कर दिया था कि वह इससे भी बड़ी यात्रा निकालेगा। इसी बात को लेकर गैंगस्टर से जुड़े भाजपा नेता और दूसरे लोग मोनू से चिढ़ गए थे। वे मोनू को यह यात्रा नहीं निकालने देना चाहते थे। इसके लिए लगातार उसे धमकी दे रहे थे।