SP और महिला DSP ने की पुलिस कॉन्स्टेबल की पिटाई, बंद कमरे में पीटा

भोपाल का मामला, पुलिस कॉन्स्टेबल महिला डीएसपी का ड्राइवर था, पीड़ित का आरोप है कि महिला डीएसपी और एसपी हेडक्वार्टर ने उसकी बंद कमरे में पिटाई की है, कॉन्स्टेबल के शरीर पर चोट के निशान हैं

Updated: Sep 27, 2021, 04:48 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक पुलिस कॉन्स्टेबल को सीनियर पुलिस अधिकारियों द्वारा पीटने की खबर है। बताया जा रहा है कि यह पिटाई महिला और पुरुष दोनों पुलिस अधिकारियों ने मिलकर की है। बंद कमरे में कांस्टेबल की पिटाई करने के बाद दोनों अधिकारियों ने उसे यह बात बाहर न करने की धमकी भी दी। कॉन्स्टेबल का आरोप है कि दोनों ही अधिकारियों ने कहा था कि अगर उसने यह बात किसी को भी बताई तो उसे इसका खामियाज़ा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।  

पुलिस कॉन्स्टेबल के शरीर पर चोट के गंभीर निशान हैं। कॉन्स्टेबल के मुताबिक यह घटना आज से पांच दिन पहले हुई, जब वह महिला डीएसपी की शिकायत करने गया तभी दोनों अधिकारियों ने मिलकर उसके साथ यह बर्ताव किया।  

पीड़ित के मुताबिक वह महिला अधिकारी का ड्राइवर था और हाल ही में उसकी किसी बात पर बहस हुई थी। जिसके बाद महिला डीएसपी ने जबरन उसका फोन अपने पास रख लिया। पीड़ित इस बात की शिकायत करने के लिए एसपी हेडक्वार्टर गया लेकिन वहां एसपी रामजी श्रीवास्तव के साथ साथ महिला डीएसपी पहले से ही मौजूद थीं। यहीं, दोनों अधिकारियों ने मिलकर पुलिस कॉन्स्टेबल को बंद कमरे में पीट डाला।

पीड़ित कॉन्सटेबल यह भी आरोप लगा रहा है कि दोनों ने उसे सस्पेंड कराकर जेल तक पहुंचाने की धमकी दी। कॉन्स्टेबल अब न्याय की गुहार लगा रहा है और शरीर पर घाव के निशाने दिखाते हुए दावा कर रहा है कि उसकी पिटाई उसके ही वरिष्ठों ने की है।