जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में 2 अक्टूबर के ड्राय डे से पहले अवैध शराब के भंडारण और बिक्री की तैयारी का मामला सामने आया है। रांझी और पाटन थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 7.50 लाख रुपए की देशी और विदेशी शराब जब्त की है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि, रांझी मामले का मुख्य आरोपी बबलू पटवा फरार है।
रांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांधी व्यायामशाला के पास बबलू पटवा के घर दबिश देकर 112 पेटी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की मात्रा करीब 1 हजार 5 लीटर और कीमत लगभग 6 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान महेश यादव और जानी एंथेनी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को आशंका है कि 2 अक्टूबर को शराब दुकानें बंद रहने के कारण इस स्टॉक को अलग-अलग इलाकों में बेचने की तैयारी थी।
यह भी पढ़ें:Asian Games: बॉक्सर लवलीना और महिला रिकर्व टीम ने जीते गोल्ड, भारत के खाते में 12 स्वर्ण पदक
पुलिस के मुताबिक, रांझी क्षेत्र में शराब के अवैध भंडारण की सूचना मुखबिर से मिली थी। इसके बाद सीएसपी सतीश साहू के निर्देश पर टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने एक साथ बबलू पटवा के ठिकाने पर कार्रवाई की और तलाशी के दौरान शराब की पेटियां बरामद की।
कार्रवाई के दौरान बबलू पटवा पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से निकल गया। उसकी तलाश की जा रही है। सीएसपी सतीश साहू के मुताबिक, शराब जब्त करने के बाद आबकारी विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब बबलू पटवा तक किस ठेकेदार या माध्यम से पहुंची।
दूसरी ओर पाटन थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी मात्रा में देशी शराब पकड़ी। कटरा बेलखेड़ा बस स्टैंड पास हनुमान मंदिर के नजदीक पुलिस ने 33 पेटियों में रखे 1,650 पाव देशी शराब बरामद किए। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है।
यह भी पढ़ें:भारत ने मेंस हॉकी के फाइनल में मारी एंट्री, रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराया
पाटन पुलिस को सूचना मिली थी कि कटरा बेलखेड़ा निवासी सुखदेव सिंह लोधी (30) और शुभम सिंह लोधी (20) ने बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है और दोनों ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। टीआई पूजा उपाध्याय के मुताबिक, सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से जुड़े एक कमरे की तलाशी ली। यह कमरा भूसा रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। तलाशी के दौरान भूसे के बीच शराब की पेटियां मिली। पुलिस के अनुसार, शुभम सिंह ने 16 पेटियां और सुखदेव सिंह ने 17 पेटियां रखने की जानकारी दी। कुल 33 पेटियों में 1,650 पाव देशी शराब बरामद हुई।
पाटन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों कार्रवाई में बरामद शराब को लेकर पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इसे कहां से लाया गया था और शुष्क दिवस के दौरान इसकी बिक्री की क्या तैयारी थी।
यह भी पढ़ें:राहुल गांधी के दौरे से पहले बालाघाट में 11 साल की बच्ची की मौत, 34 हुई मृतकों की संख्या