सतना में मजदूरी के पैसे मांगने की सजा, पिता पुत्री ने पीट पीट कर ली महिला श्रमिक की जान

पीड़िता, कैटरिंग संचालक से अपने मजदूरी के पैसे मांगने उसके घर गई थी जहां पिता पुत्री दोनों ने लात घूसों से पीट पीट कर पीड़िता को मरणासन्न कर दिया

Updated: May 30, 2022, 12:12 PM IST

सतना। मध्यप्रदेश के सतना में एक महिला श्रमिक को अपनी मेहनत, मजदूरी के पैसे मांगने की सजा अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। सतना में कैटरिंग मालिक ने महिला श्रमिक को उसकी मजदूरी का पैसा नहीं दिया इसलिए जब वह पैसे मांगने पहुंची तो कैटरिंग मालिक ने अपनी बेटी के साथ मिलकर महिला श्रमिक को इतना पीटा की उसकी पेट की आंत फट गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक केशकली ढीमर उचेहरा थाना क्षेत्र, सतना की रहने वाली थी और मैहर में कैटरिंग संचालक राजधर दुबे के यहां काम करती थी। जब पीड़िता पैसे मांगने के लिए कैटरिंग संचालक के घर पहुंची तो गुस्से में आकर कैटरिंग संचालक और उसकी बेटी प्रियंका ने पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी और लात घुसों ने इतना मारा की पीड़िता की पेट की आंत फट गई।

यह भी पढ़ें... पन्ना टाइगर रिजर्व में तेंदुए ने पेड़ पर किया बंदर का शिकार, कैमरे में कैद हुई रोंगटे खड़े करने वाली घटना

मरणासन्न अवस्था में पीड़िता को मैहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे संजय गांधी मेडिकल अस्पताल रीवा भेज दिया गया जहां पेट मे संक्रमण फैलने से केशकली की मौत हो गई। इस घटना में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपी पिता राजधर दुबे और पुत्री प्रियंका दुबे को गिरफ्तार कर लिया है।