उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से इंदौरवासी बेहाल, फॉल्ट के कारण शहर के कई हिस्सों में घंटों गुल रही बिजली

रविवार देर रात चली तेज हवा और आंधी के बाद गिरे पेड़ों के कारण शहर के बड़े हिस्से में बिजली गुल हो गई। नतीजतन रविवार रात से सोमवार दोपहर तक शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल रही।

Updated: May 29, 2023, 08:56 PM IST

इंदौर। विधुत क्षेत्र में सरप्लस स्टेट होने के बावजूद मध्य प्रदेश में बिजली संकट बरकरार है। इस भीषण गर्मी में प्रदेशभर में लोग पॉवरकट से परेशान हैं। इंदौर शाह के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को कई घंटों तक बिजली गुल रही। बिजली कटौती को लेकर इंदौरवासियों में शिवराज सरकार के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।

दरअसल, रविवार देर रात शहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस कारण कई क्षेत्रों में पेड़ों के गिरने के साथ ही कई घरों के चद्दर उड़ गए। इस दौरान कई जगहों पर बिजली तार टूटने के कारण रहवासियों को रात जागकर गुजारनी पड़ी। शहर के अधिकांश हिस्सों में रातभर बिजली गुल रही। वहीं, सोमवार को भी दोपहर बाद तक कई हिस्सों में पॉवर कट की समस्या बरकरार रही।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में जो किया उसे दोहराने जा रहे हैं, मध्य प्रदेश में जीतेंगे 150 सीटें, राहुल गांधी का बड़ा बयान

पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनी के अफसरों के अनुसार शहर में 300 जगह लाइनों पर पेड़ गिरे। शहर में 11 केवी लाइन के 85 फीडरों से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। सुबह तक 900 से ज्यादा शिकायतें बिजली कंपनी के कॉल सेंटर पर दर्ज हुई। पश्चिम क्षेत्र विद्युत कंपनी के अफसरों के सुबह 5 बजे तक 80 प्रतिशत इलाकों में आपूर्ति सामान्य हो गई थी।

हालांकि, स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर बाद तक पॉवर कट की स्थिति बरकरार थी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है। लेकिन बिजली लाइनों का सुधार कार्य करने के लाइनमेन कर्मचारियों की संख्या घटी है। कुछ कर्मचारी रिटायर हो गए और उनके स्थान पर कोई आया नहीं। ऐसे में शिकायतों का त्वरित निदान संभव नहीं हो पा रहा है। नतीजतन शहरवासियों को मामूली आंधी के बाद भी घंटों पॉवर की समस्या का सामना करना पड़ता है।