रेत की रॉयल्टी पर भिड़े BJP मंडल अध्यक्ष के भाई और अन्य, चलीं 50 राउंड गोलियां, पुलिस चौकी को भी बनाया निशाना

रेत की ग़ैरक़ानूनी रॉयल्टी वसूलने के मामले में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में गोलीबारी की नौबत आ गई, पुलिस चौकी और कार भी हुई विवाद का शिकार

Updated: May 26, 2021, 02:26 PM IST

Photo courtesy: news 18
Photo courtesy: news 18

जबलपुर। मध्यप्रदेश में रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं। जबलपुर के शहपुरा इलाके में मंगलवार रात, रेत माफियाओं के बीच झगड़े में बीजेपी नेता के भाई घायल हो गए। रेत माफिया के गुंडों ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष के भाई पर करीब 50 राउंड फायर किया। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसका आपरेशन कर गोली निकाल दी गई है।

बीजेपी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह गौर के भाई दीपक सिंह पर हमला किया गया है। शहपुरा खैरी निवासी शैलेंद्र सिंह शहपुरा मंडल और जबलपुर रिलीवर ऑर्गनाइजेशन का अध्यक्ष है। उनका भाई दीपक सिंह रेत का धंधा करता था। अपने साथियों के साथ दीपक मंगलवार रात 8-9 बजे के बीच शहपुरा-चरगवां रोड स्थित रेत नाका पहुंचा था। वहां नाके पर रेत रॉयल्टी काटने वालों से किसी बात को लेकर उनकी कहा सुनी हो गई, जिसके बाद विवाद इतनी बढ़ी कि नौबत फायरिंग तक आ गई।

खबर है कि रेत नाके पर आराध्या ग्रुप के गुर्गों ने बीजेपी नेता के भाई पर 12 और 315 बोर की बंदूकों से गोलियां दागना शुरु कर दिया। एक गोली दीपक की कान और जबड़े को फाड़ती हुई निकल गई। वह ललूलुहान हो गया। डायल 100 पर फायरिंग की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को मौके से 3 खोखे 12 बोर के और 17 खोखे 315 बोर की बंदूक के मिले हैं। वहीं इस विवाद के दौरान एक राहगीर पर भी हमला किया गया, आरोपियों ने उसका सिर फोड़ दिया है। रेत नाका की चौकी को भी नुकसान पहुंचाया गया और कार में भी तोड़फोड़ की गई है। चौकी को नुकसान पहुंचाने का आरोप दीपक सिंह के लोगों पर लगा है।

पुलिस ने बीजेपी नेता के भाई को गंभीर हालत में जबलपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसके जबड़े की सर्जरी कर दी गई है। बीजेपी नेता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, तलाश जारी है। पुलिस उनकी जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।