MP By Poll: हार की भूमिका बना रही है कांग्रेस, EVM में गड़बड़ी की आशंका पर बोले शिवराज

दिग्विजय सिंह ने कहा है कि विकसित देशों में ईवीएम से नहीं होता चुनाव, शिवराज ने कहा, इसी ईवीएम ने कांग्रेस को 2018 में जीत दिलाई थी

Updated: Nov 03, 2020, 08:19 PM IST

Photo Courtesy: New Indian Express
Photo Courtesy: New Indian Express

भोपाल। प्रदेश में एक तरफ उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर ईवीएम को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा ईवीएम पर उठाए गए सवाल पर पलटवार किया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस चुनाव परिणामों के आने से पहले ही हार की भूमिका बनाने लगी है। 

और पढ़ें : दिग्विजय सिंह ने उठाए EVM पर सवाल पूछा, विकसित देश क्यों नहीं इस्तेमाल करते ईवीएम

इसी ईवीएम ने पिछली बार कांग्रेस को जिताया था : शिवराज  
शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्विजय जी ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं। यही ईवीएम थी जिससे 2018 में कांग्रेस को 114 सीटें मिली थी। तब ईवीएम अच्छी थी। लकिन अब जब उनको लग रहा है कि बुरी तरह से पराजित हो रहे हैं तो खुद छुट्टी पाने के लिए सारा दोष ईवीएम पर मढ़ रहे हैं।   

विकसित देशों को ईवीएम पर क्यों नहीं है भरोसा: दिग्विजय सिंह 
दरअसल दिग्विजय सिंह ने मंगलवार सुबह ट्वीट किया कि ‘तकनीकी युग में विकसित देश EVM पर भरोसा नहीं करते पर भारत व कुछ छोटे देशों में EVM से चुनाव होते हैं। विकसित देश क्यों नहीं कराते? क्योंकि उन्हें EVM पर भरोसा नहीं है। क्यों? क्योंकि जिसमें चिप है वह हैक हो सकती है।’ कांग्रेस नेता पिछले कई वर्षों से ईवीएम मशीनों को लेकर अपना मत बता चुके हैं और ईवीएम के खिलाफ मुखरता से अपनी आवाज उठाई है। उन्होंने अपनी रैलियों में भी कई दफा ई मशीनों पर अविश्वास व्यक्ति किया है। आपको बता दें कि ईवीएम पर सबसे पहले संदेह बीजेपी के नेताओं ने ही जाहिर किया था। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते रहे हैं।