भोपाल। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े सरकारी हमीदिया अस्पताल में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी रात 12 बजे से हड़ताल पर चले गए हैं। जिसकी वजह से अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई है। अपनी कई मांगों को लेकर शुक्रवार रात 12 बजे से हमीदिया अस्पताल में कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। ये कर्मचारी लंबे समय से अपनी कई मांगें अस्पताल प्रबंधन के सामने रख रहे थे।

आउटसोर्स कर्मचारियों का आरोप है कि कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। जिसके बाद अब हमीदिया अस्पताल की मैदानी व्यवस्था सम्भालने वाले करीब 200 कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। इनमें वार्ड बॉय, अटेंडर, सफाई कर्मी शामिल हैं। इन आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धी, संविदा नियुक्ति और सुविधाएं दिए जाने की मांग की है। हड़ताली आउटसोर्स कर्मचारियों ने अफसरों पर भेदभाव करने का आरोप भी लगाया है। उनका आरोप है कि किसी कर्मचारी की तबीयत खराब होने पर अस्पताल में उनको इलाज नहीं मिल रहा है।

कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के बीच अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल से अस्पताल की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। हमीदिया अस्पताल में अव्यवस्था का आलम हैं। प्रशासनिक अधिकारी हालात सम्हालने में नाकाम साबित हुए हैं।

बीते 24 घंटे में भोपाल में सबसे ज्यादा 1,669 नए कोरोना के केस सामने आए हैं। ग्वालियर और जबलपुर में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 5-5 हजार से ज्यादा हो गई है। भोपाल और इंदौर में 10-10 हजार से ज्यादा है। हमीदिया अस्पताल में भोपाल के आसपास के कई जिलों के मरीज इलाज करवाने के लिए आते हैं। इस हड़ताल से मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।