राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में निर्माण कार्यों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। यहां 49 करोड़ रूपए की लागत से बनी नवनिर्मित नाली पहली बारिश में ही ढह गई। इसे वार्ड 10 की गायत्री कॉलोनी में तीन दिन पहले ही बनाया गया था। यानी 49 करोड़ की लागत से निर्मित नाली तीन दिन भी नहीं टिक सकी।

स्थानीय पार्षद पति राकेश जायसवाल ने बताया कि गुरुवार को आधे घंटे की मामूली बारिश में ही पूरी नाली गिर गई। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। जायसवाल के अनुसार शहर के कई जगहों पर इसी तरह का निर्माण हो रहा है। नालियों में मलबा डालकर केवल ढांचा खड़ा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: MP: जेल में बंद पटवारी का हुआ ट्रांसफर, मामला तूल पकड़ने पर SDM ने किया सस्पेंड

स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर इस निर्माण कार्य की कमियों को लेकर नाराजगी दिखाई है। सड़क पर जगह-जगह पानी भरने और निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर लोगों ने चिंता जताई। PWD के एसडीओ हर्षित चौधरी ने निर्माण में कमी को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि गायत्री कॉलोनी में गिरी नाली का लेवल गलत था। 

चौधरी ने आश्वासन दिया कि नाली का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पुराने ड्रेनेज को नई नाली से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है, जिससे पानी का निकास सुचारु रूप से हो सके।