MP: सागर के शाहगढ़ में नर्स की हत्या, CHC के मेन गेट पर गोली मारकर हमलावर फरार
सागर के शाहगढ़ में बुधवार रात ड्यूटी पर तैनात नर्स दीपशिखा चढ़ार की अस्पताल के मेन गेट पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने धक्का देकर पीठ में तीन गोलियां दागीं और फरार हो गया।
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार रात करीब 8.30 बजे शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट पर ड्यूटी पर तैनात 25 वर्षीय नर्स दीपशिखा चढ़ार की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। अस्पताल परिसर के बाहर हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दीपशिखा चढ़ार पिछले करीब दो सालों से शाहगढ़ में रहकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दे रही थी। बुधवार रात वह ड्यूटी पर मौजूद थी और जैसे ही स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट के पास पहुंची उसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने पहले उन्हें धक्का देकर गिराया और फिर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दी। इनमें से एक गोली उनकी पीठ में लगी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें:कटनी में मालगाड़ी का डिब्बा बेपटरी, 2 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक से हटाया गया
घटना की गंभीरता इस बात से भी उजागर होती है कि वारदात स्थल से शाहगढ़ पुलिस थाना मात्र 200 मीटर की दूरी पर है और पास में मुख्य बस स्टैंड होने के कारण यह क्षेत्र आमतौर पर भीड़भाड़ वाला रहता है। इसके बावजूद आरोपी खुलेआम वारदात को अंजाम देकर जंगल की ओर फरार हो गया जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
सूचना मिलते ही शाहगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और स्वास्थ्य केंद्र व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और सागर एएसपी डॉ. संजीव उइके भी रवाना हुए और जांच की कमान संभाली।
यह भी पढ़ें:MCC ने क्रिकेट के नियमों में किए 73 संशोधन, टेस्ट मैच में अब हर हाल में खेला जाएगा आखिरी ओवर
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जबलपुर जिले के कटंगी पाटन क्षेत्र के एक युवक पर शक है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध आरोपी शाहगढ़ में अपने एक मित्र के साथ रहता था और मृतका से परिचित था। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि आरोपी युवक दीपशिखा पर शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा इंकार किए जाने के बाद इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
वारदात के बाद पुलिस ने शाहगढ़ नगर की नाकाबंदी कर दी है और आरोपी की तलाश में जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। छतरपुर जिले की सीमा नजदीक होने के कारण वहां की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं लेकिन घटना के कई घंटे बाद तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
यह भी पढ़ें:जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी मुठभेड़ में ढ़ेर




