भारत जोड़ो न्याय यात्रा का तीसरा दिन, द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे राहुल गांधी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने तीसरे दिन नगालैंड के कोहिमा से आगे बढ़ा राहुल गांधी का काफिला, स्थानीय लोगों से करेंगे मुलाकात

Updated: Jan 16, 2024, 09:58 AM IST

कोहिमा। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का आज (16 जनवरी) तीसरा दिन है। आज यात्रा नागालैंड की राजधानी कोहिमा के विश्वेमा गांव से शुरू हुई। राहुल गांधी आज यहां द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वहीं, हाईस्कूल जंक्शन पर सार्वजनिक बैठक को भी संबोधित करेंगे।

मंगलवार सुबह राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और मुलाकात के बाद कोहिमा से अपनी यात्रा आगे बढ़ाई। राहुल नगालैंड में पांच जिलों कोहिमा, त्सेमिन्यु, वोखा, जुन्हेबोटो और मोकोकचुंग से गुजरेंगे और रैलियां करेंगे। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने सोमवार को बताया था कि राहुल गांधी आज प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे।

सोमवार को यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी ने सुबह इम्फाल वेस्ट के सेकमई से यात्रा शुरू की थी। यात्रा रात में नगालैंड पहुंची। राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के नेताओं के साथ मणिपुर की सीमा से लगे कोहिमा जिले के खुजामा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी यानी कल शुरू हुई थी जो 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगाज किया था। 20 मार्च को खत्म होने वाली यह यात्रा 15 राज्य और 110 जिलों के 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल मिलाकर 6700 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करेंगे।