उज्जैन। शनिवार अल सुबह एक सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई। हादसा उज्जैन के दताना गांव के पास हुआ। यहां एक तूफान कार और ट्रॉली में जोरदार भिडंत हो गई। हादसे में 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 7 मजदूरों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

यह एक्सीडेंट सुबह करीब 3-4 बजे के बीच देवास-उज्जैन रोड पर हुई। ये सभी मजदूर कटनी के रहने वाले थे। और मजदूरी करने नीमच जा रहे थे। हादसा दताना गांव में नरवर थाना इलाके में हुआ। जहां तेज रफ्तार कार और ट्राली में टक्कर हो गई। इन मजदूरों में दो सगे भाई भी शामिल थे। जिनमें से एक गंभीर घायल है, दूसरे भाई की मौत हो गई। हादसे के बाद डायल 100 की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया।

  

नरवर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्राली का नंबर आरजे 09 जीडी 4165 है और तूफान कार का नंबर यूपी 20 टीवाई 1702 है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।