विदिशा में तेज़ रफ्तार कार पलटने से तीन युवकों की मौत, दो घायल

राजस्थान से सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे युवक, बेरसिया रोड पर कार चालक की आंख लगने के कारण हुआ हादसा, दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Publish: Aug 16, 2021, 06:01 AM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

विदिशा। विदिशा में सोमवार सुबह सुबह सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बेरसिया रोड पर बिलोरी गांव के पास एक तेज़ रफ्तार कार अचानक पलट गई। जिसमें कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

सोमवार सुबह करीब 4 बजे राजस्थान से सांवरिया सेठ के दर्शन कर अपने घरों की ओर लौट रहे युवकों को दर्दनाक हादसे ने अपनी चपेट में ले लिया। राजस्थान से अपने घरों की ओर लौट रहे सभी युवकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच में थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक कार चलाते समय बीच में ही ड्राइवर को नींद लग गई। जिस वजह से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। 

स्थानीय लोगों द्वारा दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से हादसे का शिकार लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दो घायलों का उपचार ज़िला अस्पताल में किया जा रहा है। दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक रायसेन के ज़िले के हैं। मृतकों के नाम निखिल, कपिल मीणा और अजय लोधी हैं। जबकि घायलों के नाम विकास पुरी और हर्षदीप मीणा हैं।