विदिशा: छात्रा को कॉल कर परेशान करता था भाजपा विधायक का बेटा, पीड़िता ने पुलिस में की शिकायत

कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा ने की पुलिस में शिकायत, गंजबासौदा से बीजेपी विधायक लीला जैन के पुत्र शोभित जैन पर लगाया परेशान करने का आरोप

Updated: Aug 30, 2022, 04:22 AM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में रहने वाली एक छात्रा ने भाजपा विधायक के पुत्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत देकर बताया है कि गंजबासौदा से भाजपा विधायक लीना जैन का पुत्र शोभित जैन उसे कॉल कर परेशान करता है। इतना ही नहीं आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी है।

पीड़िता के मुताबिक रविवार देर रात को भाजपा विधायक का बेटा शोभित उसे लगातार कॉल कर परेशान कर रहा था। पीड़िता ने जब अपनी मां को इस बारे में जानकारी दी तो उन्होंने उसे कॉल बैक किया। इस दौरान शोभित उन्हें भद्दी भद्दी गालियां देने लगा साथ ही जान से मारने की भी धमकी दी। 

पीड़िता विदिशा के इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में अपने नाना के घर रहती है। वह वात्सल्य कॉलेज विदिशा से स्नातक की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता ने कहा कि आरोपी का इलाके में प्रभाव है और उसे डर है कि कालेज आते-जाते समय वह उसके साथ कोई घटना को अंजाम दे सकता है। साथ ही उसने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।

 इस पूरे मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। विदिशा सिविल लाइन थाना पुलिस शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है। मामला सामने आने के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये भाजपा का असली चेहरा है।