इंदौर। मध्य प्रदेश के विधान सभा चुनावों के नजदीक आने के साथ नेताओं का आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार को वन नेशन वन इलेक्शन के बजाय वन नेशन वन इनकम के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी से असंतुष्ट हैं, इसलिए वे कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं।

दरअसल हैदराबाद में आयोजित पुस्तक विमोचन के एक कार्यक्रम से रविवार को दिग्विजय इंदौर लौटे थे। यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नौ साल के कार्यकाल में वन नेशन वन इनकम पर ध्यान देना था। वे वन नेशन वन इलेक्शन पर ध्यान दे रहे। इस मामले में गठित समिति में बतौर चेयरमैन पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द को शामिल करना राष्ट्रपति जैसे पद की गरिमा के विपरीत है।

उन्होनें आगे कहा कि चुनाव के समय ही भाजपा को जनता के बीच जाने की याद आती है इसलिए जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। अपने कार्यकाल में जनता के बीच जाते तो इसकी जरूरत नहीं पड़ती। भाजपा में कार्यकर्ता पार्टी से दुखी हैं, इसलिए वे कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। चुनाव आने तक और भी कई भाजपा नेता कांग्रेस में आएंगे। पत्रकारों से बात करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कुछ देर बाद भोपाल के लिए रवाना हो गए।