इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के एरोड्रम इलाके में रहने वाली निजी कंपनी की कर्मचारी पूर्वा सिंह ऑनलाइन ट्रैवल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गई। इंस्टाग्राम पर थाईलैंड के फुकेट टूर का सस्ता पैकेज देखकर उन्होंने बुकिंग कराई थी। ठगों ने खुद को ट्रैवल कंपनी से जुड़ा बताकर इंडिगो के साथ कोलैबोरेशन होने का दावा किया और अलग-अलग चरणों में पूर्वा से करीब 44 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। 6 जुलाई को जब वह टिकट लेकर इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं तो टिकट इनवैलिड निकला। इसके बाद आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर बंद हो गए। शिकायत मिलने के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पूर्वा सिंह ने इंस्टाग्राम पर द टूरिंग साइट्स नाम से थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखा था। इसके बाद 19 अप्रैल को उनके वॉट्सऐप नंबर पर संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने थाईलैंड ट्रिप का पैकेज और उसका शुल्क बताया। शुरुआती कीमत ज्यादा होने के कारण पूर्वा ने यात्रा बुक कराने से मना कर दिया था।
यह भी पढ़ें:उज्जैन स्थित विक्रमादित्य यूनिवर्सिटी का कारनामा, छात्र को 1600 में से मिले 1604 अंक
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कम कीमत में थाईलैंड के फुकेट की यात्रा कराने का प्रस्ताव दिया। पैकेज की जानकारी लेने के बाद पूर्वा ने करीब 36 हजार रुपए में ट्रिप बुक कराने पर सहमति जताई। इतनी कम कीमत सुनकर जब उन्होंने संदेह जताया तो ठगों ने भरोसा दिलाने के लिए अपनी कंपनी का इंडिगो एयरलाइन के साथ कोलैबोरेशन होने की बात कही। इसके बाद भुगतान के लिए लव गुप्ता के नाम से बैंक खाते की जानकारी भेजी गई।
पूर्वा ने 18 मई को उस खाते में 10,800 रुपए जमा किए। भुगतान के बाद उन्हें दिल्ली से फुकेट की 6 जुलाई की फ्लाइट का इनवॉइस भेजा गया। इसके अलावा इंदौर से दिल्ली पहुंचने के लिए भी फ्लाइट उपलब्ध कराने की बात कही गई और उसका किराया 11,200 रुपए बताया गया। पूर्वा ने यह राशि भी आरोपियों के बताए खाते में ट्रांसफर कर दी।
यह भी पढ़ें:MP: साइबर ठगी के मामले में BJP नेता गिरफ्तार, 2 फीसदी कमीशन पर उपलब्ध कराता था बैंक खाता
कुछ समय बाद ठगों ने संपर्क के लिए इस्तेमाल किया जा रहा वॉट्सऐप नंबर बंद कर दिया। 22 जून को पूर्वा ने उसी नंबर पर कॉल की लेकिन संपर्क नहीं हो सका। मैसेज का भी कोई जवाब नहीं आया। चार दिन बाद यानी 26 जून को एक दूसरे नंबर से उन्हें संदेश मिला। आरोपियों ने बताया कि पुराना नंबर किसी वजह से बंद हो गया है और बाकी रकम भी लव गुप्ता के बैंक खाते में भेजने को कहा।
युवती ने आरोपियों की बात पर भरोसा करते हुए करीब 22,500 रुपए की अतिरिक्त राशि भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद ठगों ने 3 जुलाई को यात्रा से संबंधित सभी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया लेकिन तय तारीख आने पर जब पूर्वा ने कॉल और मैसेज के जरिए ट्रिप की डिटेल मांगी तो कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कंपनी की ईमेल आईडी पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह भी गलत निकली।
यह भी पढ़ें:छिंदवाड़ा में केबल चोरी के शक में तीन युवकों की सरेआम पिटाई, गले में केबल डालकर निकाला जुलूस
इसके बावजूद पूर्वा 6 जुलाई को टिकट लेकर इंदौर एयरपोर्ट पहुंच गई। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान टिकट अमान्य पाया गया। तब उन्हें ऑनलाइन ट्रैवल बुकिंग के नाम पर ठगी होने का पता चला। आरोपियों से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। ठगी का एहसास होने के बाद पूर्वा ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक खाते, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।