इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया को झटका, हार्दिक पांड्या वनडे सीरीज से बाहर, विराट कोहली की फिटनेस पर सस्पेंस
इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। जबकि, विराट कोहली का चयन फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।
इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। जबकि, विराट कोहली की उपलब्धता अभी भी उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर है। भारतीय चयनकर्ता अगले सप्ताह टीम की घोषणा कर सकते हैं लेकिन उससे पहले कोहली का फिटनेस टेस्ट टीम प्रबंधन के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है।
भारतीय टीम इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर रवाना होगी। वहां दोनों देशों के बीच पहले पांच टी20 मैच खेले जाएंगे और फिर तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज होगी। टी20 सीरीज की शुरुआत 1 जुलाई से होगी जबकि वनडे सीरीज का पहला मैच 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा। सीरीज का आखिरी वनडे मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर आयोजित होगा।
विराट कोहली आईपीएल के बाद से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और फाइनल में अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि, इसके बाद उन्हें हैमस्ट्रिंग और मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या का सामना करना पड़ा था। जिसके कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में नहीं खेल सके थे। अब उनकी वापसी फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगी। टीम प्रबंधन कोहली की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और उसी के आधार पर उनके चयन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
हार्दिक पांड्या के वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं के सामने उनकी जगह भरने की चुनौती खड़ी हो गई है। तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर के तौर पर तीन खिलाड़ियों के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनमें नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और शिवम दुबे शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई महिला पटवारी, पति के जरिए करती थी वसूली
नीतीश कुमार रेड्डी ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए थे। उन्होंने रहमानुल्लाह गुरबाज और मोहम्मद नबी जैसे महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट किया था। हालांकि, जांघ में परेशानी के कारण वह दूसरे वनडे के लिए उपलब्ध नहीं हो सके थे। अब तक पांच वनडे मैचों में वह 100 रन बनाने के साथ दो विकेट भी ले चुके हैं।
युवा ऑलराउंडर हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले टीम में शामिल किया गया। उन्होंने अब तक 14 वनडे मैचों में 26 विकेट हासिल किए हैं। बल्लेबाजी में भी उन्होंने उपयोगी योगदान दिया है और सात पारियों में 124 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। उनकी ऑलराउंड क्षमता उन्हें हार्दिक के संभावित विकल्पों में मजबूत दावेदार बनाती है।
यह भी पढ़ें:MP में करोड़ों का मनरेगा घोटाला, क्लोन एप से फर्जी हाजिरी लगाने का आरोप, CBI जांच की तैयारी
वहीं, शिवम दुबे भी चयनकर्ताओं की नजर में हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने अभी केवल चार वनडे मैच खेले हैं। जिनमें 43 रन और एक विकेट उनके नाम है। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहतर रहा है। लिस्ट ए क्रिकेट के 62 मुकाबलों में उन्होंने 1121 रन बनाए हैं और 48 विकेट हासिल किए हैं।
इंग्लैंड दौरे से पहले पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर राहत की खबर है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में हिस्सा लिया है और उनके इंग्लैंड दौरे के लिए उपलब्ध रहने की पूरी संभावना है। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह तीसरे वनडे में भी खेलते नजर आएंगे।
इस बीच भारतीय क्रिकेट के भविष्य और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने हाल ही में कहा था कि विश्व कप की रणनीति और खिलाड़ियों की भूमिकाओं से जुड़ी चर्चाएं सार्वजनिक नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बोर्ड के भीतर होने वाली रणनीतिक बैठकों की जानकारी बाहर साझा करना उचित नहीं होगा।
यह भी पढ़ें:भोपाल से लापता 6 वर्षीय अंश मथुरा में मिला, चार दिन बाद पुलिस के किया रेस्क्यू
रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 विश्व कप में खेलने की संभावनाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों खिलाड़ी लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए खेलने की इच्छा जता चुके हैं लेकिन चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अभी तक इस विषय पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।
अफगानिस्तान सीरीज में टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को अवसर देकर भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। पहले दो वनडे में नए खिलाड़ियों को आजमाने के बाद तीसरे मुकाबले में भी उनकी परीक्षा जारी रहेगी। माना जा रहा है कि इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन इंग्लैंड दौरे की अंतिम टीम तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। इंग्लैंड दौरे के कार्यक्रम के अनुसार, भारत और इंग्लैंड के बीच 1, 4, 7, 9 और 11 जुलाई को पांच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 14, 16 और 19 जुलाई को तीन वनडे मैचों की सीरीज आयोजित होगी।




