रायसेन में शादी समारोह में दूल्हे के दोस्त ने की फायरिंग, भोपाल के चार युवक घायल, दो की हालत गंभीर

रायसेन में गुरुवार रात शादी के दौरान दूल्हे के दोस्त द्वारा की गई फायरिंग में भोपाल के चार युवक घायल हो गए। 12 बोर बंदूक के छर्रे नाच रहे युवकों और फोटोग्राफर को लगे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Updated: Feb 06, 2026, 02:44 PM IST

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में भोपाल के चार युवक घायल हो गए। यह घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सागर रोड स्थित एक गार्डन के बाहर की है। फायरिंग करने वाला आरोपी दूल्हे का दोस्त बताया जा रहा है जिसे पुलिस ने घटना के बाद विदिशा से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायसेन निवासी हेमलता कन्हैयालाल पीपरोलिया की बेटी पल्लवी का विवाह भोपाल निवासी मोहित के साथ हो रहा था। बारात जैसे ही गार्डन के मुख्य द्वार पर पहुंची उसी दौरान मौजूद एक व्यक्ति ने खुशी में बंदूक से फायर करने का प्रयास किया। बंदूक नीचे की ओर झुकी हुई थी तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

यह भी पढ़ें:मऊगंज में 8वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप, स्कूल जाते वक्त नाबालिग को अगवा कर जंगल में ले गए थे आरोपी

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग के लिए साउंड वाले कारतूस की जगह असली गोली का उपयोग किया जा रहा था। 12 बोर बंदूक में दो गोलियां भरी गई थीं। इनमें से एक गोली ऊपर की ओर चली गई जबकि, दूसरी गोली चलने से पहले बंदूक की नाल नीचे हो गई और ट्रिगर दबते ही छर्रे आसपास मौजूद लोगों को लग गए। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे पास में फोटोशूट कर रहे और नाच रहे चार युवकों को जा लगे। घायलों की पहचान भोपाल निवासी अतुल धाकड़, पवन चौरसिया, सौरभ भारतोले (फोटोग्राफर) और अनिमेष कुशवाह के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें:इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 33वीं मौत, इलाज के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। एक युवक की जांघ में छर्रे लगे हैं जबकि, दूसरे युवक के पैर के पंजे में गंभीर चोट आई है। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने देर रात उसे विदिशा से पकड़ लिया। रायसेन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे मामले में फायरिंग और हथियार के उपयोग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।