मुंबई से असम जा रहा था हवाई जहाज, बिहार के मोतिहारी में ओवरब्रिज के नीचे फंसा

हवाई जहाज को किसी व्यवसायी ने मुंबई में हुई नीलामी में कबाड़ के रूप में खरीदा था। इसे मुंबई से असम एक बड़े ट्रक लॉरी से ले जाया जा रहा था।

Updated: Dec 29, 2023, 10:41 PM IST

मोतीहारी। बिहार के मोतिहारी में शुक्रवार को अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली जब एक हवाई जहाज ओवर ब्रिज के नीचे आकर फंस गया। ओवरब्रिज के नीचे हवाई जहाज के फंसने से भारी जाम लग गया और यह खबर सुनकर नजारा देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक तरफ प्रशासनिक अधिकारी जहाज को किसी तरह निकलवाने के लिए हलकान रहे, तो वहीं दूसरी तरफ लोग उसकी तस्वीर उतारने और सेल्फी लेने में व्यस्त रहे।

हवाई जहाज मुंबई से असम जा रहा था। रास्ते में मोतिहारी में ओवर ब्रिज को क्रॉस करते वक्त नीचे फंस गया। यह पूरा मामला भले ही सुनने में अजीब लगे, लेकिन यह पूरी तरह सच है। दरअसल, हवाई जहाज को किसी कबाड़ व्यवसायी ने मुंबई में हुई नीलामी में खरीदा था और उसे मुंबई से एक बड़े ट्रक लॉरी से असम ले जाया जा रहा था। 

शुक्रवार को एक ट्रक पर लदा हवाई जहाज आकर मोतिहारी के पिपराकोठी ओवर ब्रिज के नीचे फंस गया। ट्रक के फंसते ही एनएच 28 पर जाम लग गया और लगभग दो घंटे तक आवाजाही बाधित रही। जैसे ही इसकी खबर फैली ओवर ब्रिज के आसपास लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस किसी तरह ओवर ब्रिज के नीचे ट्रक लॉरी पर रखे हवाई जहाज को निकालने के जुगाड़ में लगी रही।

आखिर में ट्रक लॉरी के सभी पहियों की हवा निकालने के बाद ओवरब्रिज के नीचे फंसे हवाई जहाज को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पिपराकोठी के थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक के सभी पहियों की हवा निकालकर उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद एनएच पर यातायात सामान्य हो गया।