अजय माकन को कांग्रेस में मिली बड़ी जिम्मेदारी, पार्टी ने बनाया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अजय माकन को पार्टी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। माकन से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे।

Updated: Oct 02, 2023, 12:06 AM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस ने अपने संगठन में एक बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता अजय माकन को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। 

कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, ‘पार्टी अध्यक्ष ने अजय माकन को तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है।’ बयान में कहा गया, ‘पार्टी निवर्तमान कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल के योगदान की सराहना करती है।’ अहमद पटेल के निधन के बाद बंसल को अंतरिम कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद अजय माकन ने मीडिया से कहा कि मैं कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार व्यक्त करता हूं कि पार्टी ने मुझे मौका दिया है और मेरे ऊपर भरोसा जताया है।

बता दें कि मकान से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष थे। माकन को राहुल गांधी का करीबी विश्वासपात्र माना जाता है और कुछ महीने पहले राजस्थान के प्रभारी कांग्रेस महासचिव के पद से इस्तीफा देने के बाद से वह बिना किसी पद के थे।