अकाली दल नेता विष्णु शर्मा कांग्रेस में शामिल, कैप्टन अमरिंदर के खिलाफ लड़ सकते हैं चुनाव

विष्णु शर्मा ने आज पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली, खुद नवजोत सिंह सिद्धू ने विष्णु शर्मा के साथ की तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की है

Publish: Jan 17, 2022, 06:19 AM IST

चंडीगढ़। विधानसभा चुनावों से पहले तमाम चुनावी राज्यों में दल बदल का सिलसिला जारी है। अब अकाली दल के नेता विष्णु शर्मा ने अकाली दल के बड़का झटका दिया है। विष्णु शर्मा ने चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने की चर्चा तेज़ है। 

विष्णु शर्मा ने आज पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसकी जानकारी खुद नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक तस्वीर पोस्ट कर दी। कांग्रेस नेता ने कहा कि विष्णु शर्मा आज कांग्रेस में शामिल हुए हैं। विष्णु शर्मा को कांग्रेस में शामिल करने का निर्णय पार्टी ने सामूहिक तौर पर लिया है। विष्णु शर्मा का कांग्रेस परिवार में स्वागत है। 

विष्णु शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि कांग्रेस पार्टी विष्णु शर्मा को पूर्व सीएम और पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ खड़ा कर सकती है। विष्णु शर्मा पटियाला शहर से अमरिंदर सिंह के खिलाफ ताल ठोक सकते हैं।

यह भी पढ़ें : समाजवादी पार्टी की मान्यता समाप्त करने की मांग, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप

पंजाब में 14 फरवरी को 117 सीटों पर मतदान होने हैं। कांग्रेस पार्टी ने 86 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। सीएम चरणरजीत सिंह चन्नी चामकौर साहिब से चुनावी मैदान में उतरे हैं। जबकि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमृतसर पूर्व से चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक से कांग्रेस के उम्मीदवार बनाए गए हैं।