बीजेपी नेता की गला दबाकर हत्या, घर में पड़ा मिला शव

उत्तर प्रदेश के बागपत का मामला, भाजपा नेता आत्माराम तोमर का शव घर में पड़ा हुआ मिला, तोलिया से गला दबाकर हत्या की आशंका, घर से गाड़ी भी गायब

Publish: Sep 10, 2021, 05:24 AM IST

Photo Courtesy: News Track
Photo Courtesy: News Track

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में भाजपा नेता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री आत्माराम तोमर का शव उनके आवास पर पड़ा हुआ मिला। पुलिस इस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। आशंका है कि भाजपा नेता को तोलिया से गला दबाकर मारा गया है। 

भाजपा नेता बिजरौल रोड स्थित अपने आवास पर रह रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुक्रवार सुबह जब उनका ड्राइवर उनके आवास पहुंचा, तब घर का दरवाजा बंद था। दरवाजा तोड़ने के बाद आत्माराम तोमर का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। 

भाजपा नेता मृत अवस्था में पड़े हुए थे। उनके चेहरे पर तौलिया पड़ा था। ड्राइवर ने आनन-फानन में पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। भाजपा नेता का तौलिए से गला दबाकर कत्ल किए जाने की आशंका है। 

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में तफ्तीश कर रही है। पड़ोसियों से भी इस पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पता चला है कि भाजपा नेता की गाड़ी भी गायब है। संभव है कि भाजपा नेता की हत्या करने के बाद हत्यारे स्कॉर्पियो को अपने साथ ले गए हों।

आत्माराम तोमर बीजेपी के टिकट पर विधायक का चुनाव भी लड़ चुके थे।1993 में आत्माराम ने छपौली विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। 1997 में उन्हें दर्जा प्राप्त मंत्री बनाया गया था।