दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में बम ब्लास्ट, धमाके से हुआ जमीन में गड्ढा, एक पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में लो-इन्टेंसिटी ब्लास्ट, IED विस्फोटक बरामद, पुलिस ने खाली कराया कोर्ट परिसर, फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी

Updated: Dec 09, 2021, 08:40 AM IST

Photo Courtesy: pal pal India
Photo Courtesy: pal pal India

दिल्ली। गुरुवार सुबह रोहिणी कोर्ट में ब्लास्ट हो गया। यह लो-इन्टेंसिटी ब्लास्ट था, धमाके की वजह से जमीन में गड्ढा हो गया है। ब्लास्ट के बाद कोर्ट में हड़कंप मच गया। कोर्ट में सुनवाई चल रही थी, तभी वहां ब्लास्ट हुआ। जिससे कोर्ट नंबर 102 में तैनात एक पुलिस जवान घायल हो गया है। ब्लास्ट की आवाज से कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई।

खबर मिलते ही पुलिस ने मोर्चा सम्हाल लिया है। कोर्ट को खाली करा लिया गया है। घायल पुलिसकर्मी राजीव कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह लो इन्टेंसिटी बम ब्लास्ट था। यह एक तरह का क्रूड बम कहलाता है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। जांच दल ने मौके से IED विस्फोटक और एक टिफिन बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ब्लास्ट लैपटॉप बैग में हुआ है। NSG को भी घटना स्थल पर बुलाया जा रहा है।

इस घटना के बाद एक बार फिर रोहिणी कोर्ट की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिनों पहले इसी कोर्ट में बदमाशों ने एक गैंगस्टर पर गोलियों भून दिया था। जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि बाद पुलिस ने हमलावरों को घटनास्थल पर ही ढेर कर दिया था।