भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं बॉलीवुड अभिनेत्री रिया सेन, राहुल गांधी के साथ किया कदमताल
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 71वां दिन है।इस यात्रा को बॉलीवुड का भी साथ मिल रहा है। हाल ही में इस यात्रा में बॉलीवुड की अभिनेत्री रिया सेन नजर आईं।

नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 71वां दिन है। हर गुजरते दिन यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। जैसे जैसे यात्रा आगे बढ़ रही है, हर रोज मोहब्बत चाहने वालों की तादाद भी बढ़ रही है। नफरत के खिलाफ निकाले गए इस यात्रा को बॉलीवुड से भी समर्थन मिल रहा है। पूजा भट्ट और सुशांत सिंह के बाद अब अभिनेत्री रिया सेन भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं।
राहुल गांधी के नेतृत्व में महाराष्ट्र के पातुर से आज यात्रा शुरू हुई। इस दौरान उनके साथ रिया सेन भी नजर आईंं। एक्ट्रेस रास्ते में मिलने वाली जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन करती भी दिखीं। राहुल गांधी के साथ पैदल यात्रा करते हुए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। रिया सेन हिंदी और बंगाली फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री मुनमुन सेन की बेटी है। वह हिंदी फिल्मों स्टाइल, झंकार बीट्स और अपना सपना मनी-मनी में नजर आई हैं।
That’s the thing about courage. It shows up in the most unexpected places! Well done @Ri_flect Proud of you! #BharatJodoYatra #loveheals https://t.co/whzINDKpUq
— Pooja Bhatt (@PoojaB1972) November 17, 2022
रिया सेन से पहले पूजा भट्ट ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। पूजा इस यात्रा में हैदराबाद से शामिल हुई थीं। इंस्टाग्राम पर एक्ट्रेस ने अपनी फोटो और वीडियो भी शेयर की थीं उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा था "आशा करने का साहस।" इनके अलावा एक्टर सुशांत सिंह ने भी भारत जोड़ो यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। साउथ एक्ट्रेस पूनम कौर ने भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना से गुजरते हुए अब महाराष्ट्र में है। अगले हफ्ते यात्रा मध्य प्रदेश में दाखिल होगी। पिछले 71 दिनों में राहुल गांधी के साथ तमाम भारत यात्रियों ने 1550 किमी से ज्यादा का सफर तय किया है।