आप हमें जो चाहें बुलाएं, मिस्टर मोदी, हम मणिपुर के जख्मों पर मलहम लगाने में मदद करेंगे: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आप हमें जो चाहें बुला लें मिस्टर मोदी। हम भारत हैं। हम मणिपुर के जख्मों पर मलहम लगाने में मदद करेंगे। हर महिला और बच्चे के आंसू पोंछेंगे। हम मणिपुर में भारत के विचार का पुनर्निर्माण करेंगे।

Updated: Jul 25, 2023, 03:21 PM IST

नई दिल्ली। संसद में मणिपुर हिंसा को लेकर मंगलवार को भी हंगामा जारी रहा। हंगामे को देखते हुए पहले लोकसभा और बाद में राज्यसभी में सदन की कार्यवाही को कुछ घंटे के स्थगित करना पड़ा। इधर विपक्ष की ईस्ट इंडिया कंपनी से तुलना करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर पलटवार किया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'आप हमें जो चाहें बुलाएं, मिस्टर मोदी। हम INDIA हैं। हम मणिपुर के जख्मों पर मलहम लगाने में मदद करेंगे। हर महिला और बच्चे के आंसू पोंछेंगे। उसके लोगों के लिए प्यार और शांति वापस लाएंगे। हम मणिपुर में भारत के विचार का पुनर्निर्माण करेंगे।'

बता दें कि पीएम मोदी ने आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी की संसदीय दल की बैठक में विपक्षी दलों पर हमला बोला था। उन्होंने उस दौरान कहा था कि मैंने आज तक इतना दिशाहीन विपक्ष कभी नहीं देखा. इसी दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष द्वारा बनाए गए गठबंधन INDIA की भी चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि सिर्फ गठबंधन का नाम इंडिया लिख लेने से कुछ नहीं होता जाता है। ऐसे तो ईस्ट इंडिया कंपनी ने भी अपने नाम के साथ इंडिया जोड़ लिया था। इसी तरह इंडियन मुजाहिद्दीन के नाम में भी इंडिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सोमवार को राज्यसभा में मणिपुर हिंसा को लेकर केंद्र सरकार और खासकर पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, 'मणिपुर में बच्चियों का रेप हो रहा है। वो हिंसा की आग में जल रहा है। हम मणिपुर की बात कर रहे हैं और पीएम मोदी इंडिया की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर रहे हैं। आप मणिपुर पर बात करिए ना।'