मोरबी हादसे के कारण कांग्रेस ने रद्द किए सभी कार्यक्रम, घटनास्थल पर पहुंचे दिग्विजय-गहलोत

मोरबी में हुए दुखद हादसे के कारण कांग्रेस ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घटनास्थल पर पहुंचे हैं। वहीं, पीएम मोदी गुजरात में होते हुए भी मौके पर नहीं गए

Updated: Oct 31, 2022, 11:13 AM IST

मोरबी। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम अचानक पुल टूट जाने के कारण अब तक 140 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। हादसे के कारण कांग्रेस ने राज्य में अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घटनास्थल पर पहुंचे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी गुजरात में होकर भी मौके पर नहीं पहुंचे। उन्होंने आज भी चुनावी कैंपेन ही जारी रखा। 

कांग्रेस गुजरात में आज से "परिवर्तन संकल्प यात्रा" शुरू करने वाली थी। पांच क्षेत्रों से निकलने वाले इस यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी थी। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम भुज से यात्रा की शुरूआत करने वाले थे। वहीं, सचिन पायलट का भी जनसभा को संबोधित करना प्रस्तावित था। लेकिन हादसे की जानकारी मिलते ही पार्टी ने सभी कार्यक्रम स्थागित कर दिए। सिंह और गहलोत सीधे पीड़ित परिवारों का दुख बांटने मौके पर पहुंच गए। इसी के साथ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि आप सभी रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशासन का सहयोग करें। इसके अलावा युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी रात प्रशासन और रेस्क्यू टीम के साथ लोगों की मदद करते रहे।

​​​​​दिग्विजय सिंह का पीएम मोदी से सवाल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और वहां का हालात जाना। सिंह ने घटना को लेकर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रधानमंत्री मोदी से उन्होंने पूछा है कि मोरबी का यह हादसा "एक्ट ऑफ गॉड" है या "एक्ट ऑफ फ्रॉड" ?

गुजरात चुनाव में कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और गुजरात में चुनाव प्रभारी डॉ. रघु शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और अस्पतालों में भर्ती घायलों से बात की और उनके हालात जाने। वहीं गहलोत ने भी जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

गुजरात में ही हैं पीएम मोदी 

बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस वक्त गुजरात दौरे पर ही हैं, लेकिन वे घटनास्थल पर नहीं गए। इतना ही नहीं 141 लोगों की मौत के बाद भी उन्होंने अपना चुनावी कैंपेन जारी रखा। उन्होंने केवड़िया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दुख तो मुझे भी हुआ, लेकिन कर्तव्य के मार्ग पर चलना है।