Dharohar Web Series: कांग्रेस की धरोहर, देश की धरोहर

Congress: आजादी से पहले और आजादी के बाद देश ने की एक लंबी यात्रा, कांग्रेस रही इस यात्रा की सारथी

Updated: Aug 16, 2020, 05:40 AM IST

नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज देश की आजादी के लिए अपने संघर्षों, इतिहास और राष्ट्र निर्माण में योगदान को लेकर धरोहर नाम से एक वीडियो सीरीज की शुरुआत की है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने इस वेबसीरिज के आरंभ किए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने इस वेब सीरीज का ट्रेलर साझा किया है और लिखा है कि, 'कांग्रेस की धरोहर देश की धरोहर।'

कांग्रेस के ऑफिसियल ट्वीटर एकाउंट से इस वीडियो के बारे में लिखा गया है कि, 'आजादी से पहले और आजादी के बाद देश ने एक लंबी यात्रा तय की है। कांग्रेस इस यात्रा की सारथी रही है। इस यात्रा में आए संघर्षों और बलिदानों के बारे में वर्तमान पीढ़ी को जानना जरूरी है। उसी के फलस्वरूप आज "धरोहर" श्रृंखला का पहला एपिसोड आप सबके सामने प्रस्तुत है।' 

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने इस बारे में बयान जारी कर बताया है कि, 'आजादी के लिए अपने संघर्षों, इतिहास और आजादी के 70 वर्षों में ही भारत को बड़ी शक्ति बनाने में अपने योगदान को लेकर कांग्रेस की ओर से इस वीडियो सीरीज की शुरुआत की जा रही है। इस सीरीज में कांग्रेस के 135 वर्षों के इतिहास और विरासत के बारे में चर्चा की जाएगी।'

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी भारत के निर्माण के प्रयासों में सबसे आगे रही है, जो कभी भी अपनी धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक प्रकृति से समझौता किए बिना उद्योग, कृषि, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, सैन्य, संस्कृति में एक वैश्विक लीडर रही है। वेब सीरीज धरोहर कांग्रेस के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से लेकर अपनी आजादी के महज 70 वर्षों में वैश्विक महाशक्ति के रूप में भारत के उभरने तक के इसके योगदान को प्रदर्शित करेगी। बता दें कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 1885 में एओ ह्यूम ने की थी और पार्टी के नेतृत्व में भारत की आजादी के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी गई थी।