कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबियत बिगड़ी, गंगा राम अस्पताल में कराया गया भर्ती

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबियत बिगड़ गई है, उन्हें दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हाल ही में वह कोरोना संक्रमित हुईं थीं

Updated: Jun 12, 2022, 11:47 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबियत बिगड़ गई है। उन्हें आनन फानन में गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो गया है। इस खबर आने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता और उनके समर्थक शीघ्र स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी सेहत स्थिर है और उन्हें ऑब्जरवेशन के लिए अस्पताल में ही रखा जाएगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्वीट किया कि, 'कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज कोविड से संबंधित समस्याओं के कारण गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है और फिलहाल उन्हें निगरानी के लिए अस्पताल में रखा जाएगा। हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ उनके सभी शुभचिंतकों को उनकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हैं।'

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बीते दिनों कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गई थीं। इसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व अन्य कई कांग्रेस नेताओं के भी कोरोना संक्रमित होने की खबरें आयीं। कोरोना संक्रमित होने के बाद सोनिया गांधी डॉक्टरों की सलाह लेकर घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहीं थी। रविवार को तबियत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की भावना के साथ अनेक कांग्रेस और उससे बाहर के नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अस्वस्थ होने की सूचना मिली है..हम सब आपकी अच्छी सेहत की कामना करते हैं।

इसके अलावा सचिन पायलट, ओमर अब्दुल्ला परिवार और अनेक नेताओं ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस अध्यक्ष की सेहत को लेकर दुआएं की हैं।