कोरोना ने मचाया हाहाकार, एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा नए मामले, 839 संक्रमितों की मौत

देशभर में बीते 24 घंटे के भीतर 152,879 नए कोरोना केस आने से दहशत में लोग, 90,584 मरीज ठीक भी हुए, 6 महीने के बाद हुई इतनी मौतें

Updated: Apr 11, 2021, 05:23 AM IST

Photo Courtesy: MoneyControl
Photo Courtesy: MoneyControl

नई दिल्ली। देश में हर गुजरते दिन के साथ कोरोना वायरस संक्रमण भयावह रूप लेती जा रही है। कोरोना की नई लहर में अब हर दिन पुराने रिकॉर्ड टूट रहे हैं। वायरस से संक्रमितों और मौत का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंटे में ही देशभर में डेढ़ लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 839 संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ दिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में एक लाख 52 हजार 879 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 839 लोगों ने अपनी जानें भी गंवाई। थोड़ी राहत की बात यह है कि करीब 90,584 लोग इस दौरान ठीक भी हुए और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। रविवार सुबह तक कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ 33 लाख 58 हजार 805 है। वहीं इस महामारी से हुई कुल मौतों का आंकड़ा 1 लाख 69 हजार 275 है।

चिंता की बात यह है कि देशभर में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 11 लाख को पार कर गया है। फिलहाल देशभर में 11 लाख 8 हजार 87 एक्टिव केस हैं। देशभर में टेस्टिंग की रफ्तार को भी बढ़ाया गया है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने जानकारी दी है कि शनिवार को देशभर में 14 लाख 12 हजार 47 सैंपल जांचे गए। आईसीएमआर के मुताबिक कल तक देशभर में अबतक 25 करोड़ 66 लाख से ज्यादा सैंपल जांचे जा चुके हैं।

तमाम पाबंदियों और प्रयासों के बावजूद कहर ढा रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच देश में टीकाकरण अभियान में भी तेजी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कल ही बताया था कि भारत ने 85 दिन में 10 करोड़ टीके लगाए हैं। इसी के साथ भारत दुनिया का सबसे तेज टीकाकरण अभियान चलाने वाला देश बन गया है। अबतक देशभर में 10 करोड़ 15 लाख 95 हजार से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। देश में 11 से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव का भी आयोजन किया जा रहा है।