भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, देशभर में शोक की लहर

मनमोहन सिंह ने 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली, वह साल 2004 से लेकर 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उनकी गिनती दुनिया के महान अर्थशास्त्रियों में की जाती है।

Updated: Dec 26, 2024, 10:51 PM IST

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। सिंह ने 92 साल की उम्र में गुरुवार रात दिल्ली स्थित AIIMS में आखिरी सांस ली। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर्नाटक के बेलगावी से अधिवेशन छोड़ दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।'

गुरुवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों के काफी प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। सिंह 92 वर्ष के थे और काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। AIIMS द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक मनमोहन सिंह को अचेत अवस्था में रात्रि 8 बजकर 6 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। वहीं, रात 9 बजकर 51 मिनट पर उनका निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार साल 2006 में मनमोहन सिंह की दूसरी बार बाईपास सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से वह काफी बीमार चल रहे थे। गुरुवार को उन्हें सांस लेने में तक़लीफ और बेचैनी के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां रात करीब दस बजे उनकी मृत्यु हो गई।

सिंह के निधन की पुष्टि करते हुए दिल्ली कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा, 'प्रख्यात अर्थशास्त्री और देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय मनमोहन सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। दिल्ली कांग्रेस परिवार आदरणीय मनमोहन जी की स्मृतियों को नमन करता है और राष्ट्रनिर्माण में दिये उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। ॐ शान्ति।'

मनमोहन सिंह के निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी देर रात वहां पहुंच गईं। एम्स में मनमोहन सिंह की बेटी पहले से मौजूद थीं। उधर, कांग्रेस ने कर्नाटक के बेलगावी में चल रही CWC बैठक को बीच में ही रद्द कर दिया है। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी कर्नाटक से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। उनके सीधे दिल्ली एम्स पहुंचने की संभावना है। तबीयत खराब होने के कारण दिल्ली में ही मौजूद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी एम्स के लिए रवाना हो गई हैं।