हरियाणा कांग्रेस में बड़ा बदलाव, कुमारी शैलजा की जगह उदयभान प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते हैं उदयभान, हाईकमान ने श्रुति चौधरी, राम किशन गुज्जर, जितेंद्र कुमार भारद्वाज और सुरेश गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है

Updated: Apr 27, 2022, 09:22 AM IST

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर जारी चर्चाओं पर विराम लग गया है। पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। कुमारी शैलजा को कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है और उनके जगह अब उदयभान को हरियाणा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। 

उदयभान पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। वह होडल सीट से कई बार के विधायक हैं और दलित समुदाय से आते हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान में यह उदयभान की नियुक्ति से संबंधित जानकारी दी गई है। इसके साथ ही श्रुति चौधरी, राम किशन गुज्जर, जितेंद्र कुमार भारद्वाज और सुरेश गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। 

दरअसल, दरअसल भूपिंदर सिंह हुड्डा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा से मतभेद की खबरें आ रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हुड्डा लगातार किसी और को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे थे। लेकिन दलित समुदाय से आने वालीं शैलजा को हटाने के लिए हाईकमान तैयार नहीं था। ऐसे में अब उदयभान पर विचार किया गया, जो भूपिंदर सिंह हुड्डा के करीबी होने के साथ ही दलित समुदाय से आते हैं और कई बार के विधायक हैं। 

यह भी पढ़ें: सुनील जाखड़ और केवी थॉमस को सोनिया गांधी ने पार्टी के सभी पदों से हटाया, पांच विधायक सस्पेंड

पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा फिलहाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बताया जा रहा है कि पहले उन्हें ही हाईकमान ने अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन विधानसभा में नेता विपक्ष किसी और को बनाने की बात थी। इस विकल्प को हुड्डा ने खारिज कर दिया और खुद के नेता विपक्ष ही बने रहने की इच्छा जताई।