पटना। कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई CWC की ऐतिहासिक बैठक आज पटना के सदाकत आश्रम में होगी। वर्किंग कमेटी की इस बैठक में पार्टी के सभी बड़े नेता शामिल होंगे और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति तय करेंगे। इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और चुनावी सुधार जैसे मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लवारू और देशभर से हमारे वरिष्ठ नेतागण इस कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करेंगे। इस दौरान बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।
बैठक से पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसे एक 'ऐतिहासिक अवसर' करार दिया। उन्होंने कहा, 'बिहार का कांग्रेस की विरासत में हमेशा से अहम स्थान रहा है, और विस्तारित सीडब्ल्यूसी बैठक में यही विरासत केंद्र में होगी।'
वेणुगोपाल ने याद दिलाया कि कैसे बिहार महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह से लेकर डॉ. राजेंद्र प्रसाद और बाबू जगजीवन राम जैसे राष्ट्रीय नेताओं की जन्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा, 'बिहार एक बार फिर दो राहों पर खड़ा है। एक ओर आशा, सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति है और दूसरी ओर नफरत, हिंसा, बेरोजगारी और संविधान के विनाश की राजनीति है। ऐसे में यह बैठक एक स्पष्ट संदेश है कि कांग्रेस बिहार के लोगों के साथ है।'
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सदाकत आश्रम स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथाओं का साक्षी रहा है और आज फिर से एक नया इतिहास रचने को तैयार है। आजादी के बाद पहली बार बिहार की इस पवित्र भूमि पर सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। यह वह पल है जब कांग्रेस अपने गौरवपूर्ण अतीत को बिहार और देश के भविष्य की विजय से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि यहां से हम सत्ता के लोकतंत्र-विरोधी कदमों और जनता को गुमराह करने वाली नीतियों को परास्त करेंगे।'
बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना पहुंच गए, जहां कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके स्वागत में नारे लगाए गए। एयरपोर्ट से निकलने के बाद गंतव्य स्थान तक उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। एआईसीसी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी पटना पहुंच चुके हैं।