नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इस बार चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिली है। बीजेपी को 240 सीटें मिली है, जो बहुमत के आंकड़े से 32 सीट कम है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए भाजपा को जेडीयू और टीडीपी का समर्थन चाहिए। हालांकि, नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू का रुख क्या होगा फिलहाल ये कहना जल्दीबाजी होगी। इसी बीच इंडिया गठबंधन के नेताओं ने सरकार बनाने के संकेत दिए हैं।

शिवसेना UBT के सांसद संजय राउत ने कहा कि मुझे नहीं लगता अब नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू उनके साथ जाएंगे, जिन लोगों से लोकतंत्र और संविधान को खतरा है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता सभी के दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई मतभेद नहीं है। INDIA ब्लॉक के पास जनता का जनादेश है।

वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी धैर्य रखने की आवश्यकता है। क्या होगा वह देखते रहिए। तेजस्वी यादव आज सुबह नीतीश कुमार के साथ प्लेन में पटना से दिल्ली आए। पटना में तो तेजस्वी सीएम नीतीश के पीछे बैठे थे, लेकिन रास्ते में दोनों एक साथ बैठ गए। इसे लेकर कयासों का दौर जारी है।

वहीं तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से विजयी कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि हम काफी खुश है, जनता ने हम पर विश्वास जताया है। INDIA गठबंधन की बैठक होने वाली है, देखते हैं क्या होता है... जनता बदलाव चाहती थी और यह उन्होंने नतीजों में दिखाया है। जब एग्जिट पोल आए थे तभी मैंने उसे गलत बताया था।