कांग्रेस हाईकमान की मध्य प्रदेश के नेताओं के साथ अहम बैठक, 150 सीटें जीतने की रणनीति पर चर्चा

कर्नाटक फतह के बाद अब मध्य प्रदेश में बड़ी मार्जिन से जीत दर्ज करने की रणनीति बना रही कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने ली प्रदेश के सीनियर नेताओं की बैठक

Updated: May 29, 2023, 01:22 PM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक फतह के बाद कांग्रेस अब मध्य प्रदेश में बड़ी मार्जिन से चुनाव जीतने की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस हाईकमान ने सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस के सीनियर नेताओं के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान मध्य प्रदेश में डेढ़ सौ सीटें जीतने की रणनीति पर चर्चा हुई।

सोमवार सुबह 11 बजे एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस नेताओं की यह अहम बैठक शुरू हुई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान मध्य प्रदेश में आक्रामक चुनावी कैंपेन और ग्राउंड लेवल पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की स्ट्रेटजी पर चर्चा हुई।

इस बैठक में प्रदेश के दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व पीसीसी चीफ कांतिलाल भूरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा और सुरेश पचौरी जैसे दिग्गज मौजूद रहे।

बता दें कि, मध्य प्रदेश में साल के अंत तक अनुमानित नवबंर माह में विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने विधानसभावार सर्वे भी कराए हैं। इसी सर्वे के आधार पर कांग्रेस दावा कर रही है कि मध्य प्रदेश में हम कर्नाटक से भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे। रविवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी को इस बार सिर्फ 60 से 75 के बीच ही सीटें मिलेंगी।