राजस्थान में इंडिया गठबंधन ने भाजपा को दिया तगड़ा झटका, 11 सीट पर दर्ज की जीत

चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों में पांच मौजूदा विधायक (तीन कांग्रेस, एक बीएपी और एक आरएलपी) हैं। बीजेपी के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी बाड़मेर सीट से हार गए।

Updated: Jun 05, 2024, 11:43 AM IST

जयपुर। देश में हुए लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस बार भाजपा बहुमत से पीछे रह गई है। पार्टी महज 240 सीटों पर सिमटकर रह गई। भाजपा को उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान में भी बड़ा झटका लगा है। 
 
राजस्थान में भाजपा 25 में से 14 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है जबकि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' 11 सीट पर कब्जा जमाने में सफल रहा। कांग्रेस के खाते में आठ सीट आई हैं।

विपक्षी गठबंधन इंडिया के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) एक-एक सीट जीतने में सफल रही। वहीं बांसवाड़ा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) का उम्मीदवार जीता। कांग्रेस ने इस सीट पर बीएपी का समर्थन किया था।

कांग्रेस ने राज्य में दस साल में पहली बार खाता खोला है। इसे पिछले साल विधानसभा चुनाव में हार के बाद उसकी बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने 2014 के आम चुनाव में राज्य की सभी 25 संसदीय सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं 2019 में एनडीए ने सभी सीटें (24 बीजेपी और एक आरएलपी) जीतीं थीं। इस बार बीजेपी ने सभी 25 सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा।