PM के जन्मदिन पर वर्ल्ड रिकॉर्ड: शाम पांच बजे तक 2 करोड़ वैक्सीनेशन, हर मिनट लगे 30 हजार से ज्यादा टीके

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71 जन्मदिन आज, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, महज 8 घंटे में लगे 2 करोड़ से ज्यादा टीके, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बांटे लड्डू

Updated: Sep 18, 2021, 03:53 AM IST

Photo Courtesy : India Today
Photo Courtesy : India Today

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया है। भारत में आज महज 8 घंटे के भीतर 2 करोड़ वैक्सीन डोज लगे। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 2 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य शाम पांच बजे तक ही पूरा कर लिया गया। यानी औसतन प्रति मिनट 30 हजार से ज्यादा वैक्सीन लगाए गए।

दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कल ही ट्वीट कर कहा था कि पीएम मोदी ने सबको मुफ्त वैक्सीन की सौगात दी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया था कि पीएम मोदी के जन्मदिन वैक्सीन लगवाकर उन्हें उपहार दिया जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने इसे वैक्सीन सेवा नाम दिया था। स्वास्थ्य मंत्री ने अब ट्वीट कर इसे देशवासियों और स्वास्थ्य कर्मियों की तरह से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन का उपहार बताया है। 

बता दें कि बीजेपी ने पहले ही ऐलान किया था कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दो करोड़ वैक्सीन लगाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा। पार्टी हाईकमान ने कैडर को यह रिकॉर्ड स्थापित करने में सहयोग करने का निर्देश दिया था। टीकाकरण को लेकर प्रचार प्रसार के कारण लोगों में भी आज सुबह से ही वैक्सीन के लिए उत्साह देखने को मिल रहा था।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के जन्मदिन पर ट्विटर पर ट्रेंड हुआ राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस, लोग बोले- नौकरी कहां है

नतीजतन शाम 5 बजे तक आसानी से देश ने 2 करोड़ के लक्ष्य को पार कर गया। अब उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक ढाई करोड़ टीके लगाए जाएंगे। बहरहाल 2 करोड़ वैक्सीन लगने की खुशी में स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने विभाग में अधिकारियों के बीच लड्डू बांटकर जश्न मनाया। बता दें कि भारत ने चौथी बार एक करोड़ के आंकड़े को पार किया है। इसके पहले 27 अगस्त को 1 करोड़ 3 लाख 35 हजार 290 टीके लगे थे। वहीं 31 अगस्त को 1 करोड़ 33 लाख 18 हजार 718 टीके दिए गए थे जबकि 6 सितंबर को 1 करोड़ 13 लाख 53 हजार 571 डोज दिए गए थे।