Loksabha Election 2024: 13 राज्यों की 88 सीटों पर वोटिंग, राहुल गांधी बोले- संविधान का सिपाही बनें

दूसरे चरण में लोकसभा अध्यक्ष, 5 केंद्रीय मंत्री, 2 पूर्व मुख्यमंत्री और 3 फिल्मी सितारे हैं। राहुल गांधी की वायनाड, शशि थरूर की तिरुअनंतपुरम और हेमा मालिनी मथुरा सीट से मैदान में हैं।

Updated: Apr 26, 2024, 08:19 AM IST

नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की 13 राज्यों की 88 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे खत्म होगी। वोटिंग के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों से संविधान का सिपाही बनाने की अपील की है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया, 'मेरे प्यारे देशवासियों! देश की तकदीर का फैसला करने जा रहे इस ऐतिहासिक चुनाव का आज दूसरा चरण है। आपका वोट तय करेगा कि अगली सरकार ‘चंद अरबपतियों’ की होगी या ‘140 करोड़ हिंदुस्तानियों’ की। इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह आज घर से बाहर निकले और ‘संविधान का सिपाही’ बन कर लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट करे।'

दूसरे चरण में लोकसभा अध्यक्ष, 5 केंद्रीय मंत्री, 2 पूर्व मुख्यमंत्री और 3 फिल्मी सितारे हैं। राहुल गांधी की वायनाड, शशि थरूर की तिरुअनंतपुरम और हेमा मालिनी मथुरा सीट से ताल ठोक रहे हैं। इससे पहले 19 अप्रैल को पहले फेज की 102 सीटों पर वोटिंग हुई थी। आज के बाद 5 फेज की वोटिंग 1 जून तक खत्म होगी। इसके बाद 4 जून को रिजल्ट की घोषणा होगी।

2019 में सेकेंड फेज की सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा को 50 और NDA के सहयोगी दलों ने 8 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में 21 सीटें गईं थीं। अन्य को 9 सीटें मिली थीं। चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे फेज में 1,198 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। इनमें 1,097 पुरुष और 100 महिला उम्मीदवार हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर से है।