Loksabha Elections 2024: 10 राज्यों की 96 सीटों पर वोटिंग कल, दांव पर लगी इन दिग्गजों की किस्मत

इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी शामिल हैं।

Updated: May 12, 2024, 09:48 AM IST

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर 13 मई यानी कल वोटिंग होगी। मतदान की पूरी तैयारियां कर ली गई है। चौथे चरण के इस मतदान में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। आंध्र प्रदेश में 13 मई को सभी 25 लोकसभा सीट पर और सभी 175 विधानसभा सीट पर भी चुनाव हैं।

चौथे चरण में तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की आठ एवं जम्मू कश्मीर की एक लोकसभा सीट (श्रीनगर) पर सोमवार को मतदान होगा। 96 लोकसभा सीट में से 40 से अधिक पर वर्तमान में एनडीए के सांसद हैं।

इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में कन्नौज- उप्र से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बेगूसराय-बिहार से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह,  बहरामपुर-पश्चिम बंगाल से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, बीड - महाराष्ट्र से भाजपा की पंकजा मुंडे, हैदराबाद से एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आंध्र प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस शर्मिला कडप्‍पा सीट से चुनाव मैदान में हैं।

केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी सीट से हैट्रिक बनाने की जुगत में हैं। उनका बेटा 2021 के लखीमपुर किसान नरसंहार कांड में आरोपी है। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा भी पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से मैदान में हैं। उन्हें कैश फॉर क्वेरी मामले में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था।

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भाजपा के निवर्तमान सांसद सुब्रत पाठक से कड़ा चुनावी मुकाबला है। यादव के पक्ष में प्रचार करने राहुल गांधी भी कन्नौज पहुंचे थे। पिछले तीन चरण की वोटिंग के बाद विपक्षी गठबंधन का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। शुक्रवार को कन्नौज में ही राहुल गांधी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया' गठबंधन की आंधी आ रही है तथा चार जून को नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।