दिल्ली में कांग्रेस महासचिवों और प्रदेश प्रभारियों की बैठक, भारत न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर होगी चर्चा

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें भारत न्याय यात्रा की तैयारियों पर चर्चा होगी। साथ ही लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी बात हो सकती है।

Updated: Jan 03, 2024, 10:34 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा शुरू करने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी इस यात्रा की तैयारियों में जुटी हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस संबंध में पार्टी के महासचिवों और प्रदेश प्रभारियों की बैठक बुलाई है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में बुधवार को बुलाई गई इस बैठक में भारत न्याय यात्रा की तैयारियों पर चर्चा होगी। साथ ही लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी बात हो सकती है। बैठक में राहुल गांधी शामिल होंगे या नहीं इस संबंध में फिलहाल जानकारी नहीं मिली है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी।से भारत न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।लोकसभा चुनाव से ठीक पहले होने वाली यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी, जिसमें राहुल गांधी पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने बीते 27 दिसंबर को पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया को भारत न्याय यात्रा की जानकारी दी थी। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।