नायब सिंह सैनी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, अनिल विज समेत 13 नेता बने मंत्री
शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पीएम नरेंद्र मोदी शामिल हुए।

पंचकूला। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार अप्रत्याशित जीत हासिल की थी। चुनाव से कुछ महीने पहले अल्पकाल के लिए सीएम पद संभालने वाले नायब सैनी ने गुरुवार को दोबारा सीएम पद की शपथ ली। पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में भव्य समारोह का आयोजन किया जिसमें पीएम मोदी, गृहमंत्री शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा समेत 18 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
CM नायब सिंह सैनी के साथ 13 नेताओं ने मंत्रीपद शपथ ली। जिनमें सबसे ज्यादा 5 चेहरे ओबीसी वर्ग से हैं। जाट, ब्राह्मण और SC वर्ग से 2-2 मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा पंजाबी, राजपूत और वैश्य बिरादरी से एक-एक मंत्री बनाया गया है। भाजपा ने हरियाणा में UP, राजस्थान और मध्य प्रदेश की तरह डिप्टी CM बनाने का फॉर्मूला नहीं अपनाया। इसके पहले कयास लगाए जा रहे थे कि राज्य में दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे।
नए बनाए मंत्रियों में अनिल विज, कृष्णलाल पंवार, राव नरबीर, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल और कृष्ण बेदी पहले मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा रणबीर गंगवा पिछली BJP सरकार में डिप्टी स्पीकर थे। नए चेहरों में अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, आरती राव, श्रुति चौधरी और गौरव गौतम पहली बार मंत्री बने हैं।
बीजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह को भी नायब सिंह सैनी सरकार में मंत्री बनाया गया है। आरती अटेली से चुनाव जीतकर आई हैं। आरती राव इस बार अपना पहला चुनाव लड़ीं और जीतीं। वह शूटिंग खिलाड़ी भी रहीं हैं।
बीजेपी की वरिष्ठ नेताओं में से एक किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ले ली है। श्रुति हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पोती हैं। उन्होंने 2009 में भिवानी निर्वाचन क्षेत्र से सांसदी का चुनाव जीता था। 2009 में भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से सांसद चुनी गईं। किरण चौधरी और श्रुति चौधरी इसी साल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुईं थीं।