जनरल रावत के निधन के 9 महीने बाद देश को मिला नया CDS, अनिल चौहान देश के दूसरे सैन्य प्रमुख नियुक्त

देश के पहले सीडीएस, जनरल विपिन रावत की हेलीकॉप्‍टर हादसे में हुए मौत के करीब 9 माह बाद लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान की इस पद पर नियुक्ति की गई है।

Updated: Sep 28, 2022, 02:07 PM IST

नई दिल्ली। लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार देश को नया सैन्य प्रमुख मिल गया है। केंद्र सरकार ने
लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) अनिल चौहान को देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्‍टाफ (CDS) नियुक्त किया है। देश के पहले सीडीएस, जनरल विपिन रावत की हेलीकॉप्‍टर हादसे में हुई मौत के करीब 9 माह बाद चौहान की इस पद पर नियुक्ति की गई है। लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान, मई 2021 में पूर्वी कमान के प्रमुख पद से रिटायर हुए थे।

दरअसल, पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन के बाद 9 महीनों से देश का यह सबसे बड़ा सैन्य पद खाली था, जिसकी जिम्मेदारी अब रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को सौंपी गई है। रक्षा मंत्रालय की ओर जारी जानकारी के मुताबिक, वह भारत सरकार के सैन्य मामलों से जुड़े विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।

यह भी पढ़ें: सबसे पहले RSS पर प्रतिबंध लगे, यह PFI से भी बुरा संगठन है: संघ के खिलाफ विपक्ष ने खोला मोर्चा

रक्षा मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की जानकारी देते हुए बताया कि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान ने लगभग 40 वर्षों से अधिक के करियर में कई कमांड संभाले हैं और उन्हें जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पूर्व भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों में व्यापक अनुभव है। 

बता दें कि जनरल बिपिन रावत को देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस बनने का गौरव हासिल था। पिछले वर्ष दिसंबर में तमिलनाडु में हुए एक हेलीकॉप्‍टर हादसे में जनरल रावत, उनकी पत्‍नी और कुछ अन्‍य अधिकारियों सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी।  हादसे में केवल एयरफोर्स ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ही जीवित बचे थे जिनकी गंभीर रूप से जलने के कारण बाद में मृत्‍यु हो गई थी।