पूर्व पुलिस कमीश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ गैर ज़मानती वारंट जारी, ठाणे कोर्ट ने जारी किए आदेश

परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी पहले जारी हो चुका है, परमबीर सिंह के हरियाणा और मुंबई के घर पर नोटिस भी चस्पा किया गया था, लेकिन परमबीर सिंह पूछताछ के लिए हाज़िर नहीं हुए

Publish: Oct 28, 2021, 01:38 PM IST

मुंबई। कई दिनों से लापता चल रहे मुंबई के पूर्व पुलिस कमीश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ गैर ज़मानती वारंट जारी कर दिया गया है। मुंबई की ठाणे कोर्ट ने परमबीर सिंह के खिलाफ यह आदेश जारी कर दिया है। परमबीर सिंह के खिलाफ कई थानों में वसूली की शिकायत दर्ज कराई गई है। यह मामला मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच देख रही है। 

वसूली मामले की जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने परमबीर सिंह को बीते 9 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। क्राइम ब्रांच ने परमबीर सिंह के चंडीगढ़ और मुंबई आवास पर भी पेश होने के लिए पत्र भेजा था। लेकिन परमबीर सिंह पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच के सामन हाज़िर नहीं हुए। जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने ठाणे कोर्ट में परमबीर सिंह के खिलाफ गैर ज़मानती वारंट जारी करने के लिए याचिका दाखिल कर दी। 

परमबीर सिंह पहले मुंबई के पुलिस कमीश्नर हुआ करते थे। लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने उनका तबादला होमगार्ड विभाग में कर दिया था। जिसके बाद परमबीर सिंह ने सीएम उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख पर वसूली करने के आरोप लगाए थे। लेकिन बाद में परमबीर सिंह पर खुद वसूली के आरोप लगने लगे। हाल ही में सीएम उद्धव ठाकरे ने एक कार्यक्रम में कहा भी था कि आजकल शिकायत करने वाला ही फरार है।  

परमबीर सिंह ने हाल ही में स्वास्थय कारणों को हवाला देकर छुट्टी ले ली थी। परमबीर सिंह के लापता होने को लेकर यह आशंका जताई जा रही है कि वे इस देश को छोड़कर फरार हो गए हैं।