PM मोदी के योग कार्यक्रम में बारिश का खलल, डल झील की बजाए हॉल में शिफ्ट करना पड़ा

पहले यह कार्यक्रम डल झील के किनारे 6:30 बजे होना था, लेकिन बारिश की वजह से इसे हॉल में शिफ्ट कर दिया गया। यह करीब 8 बजे शुरू हो पाया।

Updated: Jun 21, 2024, 10:53 AM IST

श्रीनगर। दुनियाभर में आज 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीनगर में मौजूद हैं। श्रीनगर SKICC हॉल में उन्होंने 7000 से ज्यादा लोगों के साथ योग किया। योग करने से पहले पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि योग से हमें शक्ति मिलती है।

पहले यह कार्यक्रम डल झील के किनारे 6:30 बजे होना था, लेकिन बारिश की वजह से इसे हॉल में शिफ्ट कर दिया गया। यह करीब 8 बजे शुरू हो पाया। इसमें 7 हजार लोगों को शामिल होना था, लेकिन हॉल में शिफ्ट होने के कारण सिर्फ 50 लोग ही शामिल हुए।

इस मौके पर PM ने कहा कि योग की यात्रा लगातार जारी है। आज दुनिया में योग करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। योग केवल विद्या ही नहीं विज्ञान है। आज सूचना संसाधनों की बाढ़ है। ऐसे में एक विषय पर फोकस कर पाना मुश्किल हो रहा है। इसका निदान भी योग में ही है।

बता दें कि साल 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून के दिन को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। तब से इसे अलग-अलग थीम पर मनाया जा रहा है। इस बार की थीम 'योगा फॉर सेल्फ एंड सोसाइटी' है।