हिमाचल चुनाव से पूर्व कांग्रेस कमेटी में बड़ा फेरबदल, प्रतिभा सिंह प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष के रूप में प्रतिभा वीरभद्र सिंह को नियुक्त किया है, जबकि मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएलपी नेता और कैंपेन कमिटी के अध्यक्ष के रूप में चुना है

Updated: Apr 26, 2022, 06:16 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने राज्य इकाई में बड़ा फेर बदल किया है। शीर्ष नेतृत्व ने सांसद प्रतिभा सिंह को पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी हैं और मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।

हाईकमान ने नादौन से विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया है। वह स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य भी होंगे। पार्टी ने मुकेश अग्निहोत्री को सीएलपी नेता नियुक्त किया है। हिमाचल की कमान प्रतिभा सिंह को सौंपना मास्टरस्ट्रोक की तरह देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रतिभा की नियुक्ति से पार्टी को मजबूती मिलेगी। 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ज्वाइन नहीं करेंगे प्रशांत किशोर, बताया नेतृत्व और सामूहिक इच्छाशक्ति की जरूरत

बता दें कि हिमाचल में लंबे समय से संगठन में सर्जरी की बात चल रही थी। अध्यक्ष पद के लिए पहले कई नाम सामने आ रहे थे। अंत में पार्टी हाईकमान ने प्रतिभा सिंह के नाम पर मुहर लगाई है। दरअसल, वीरभद्र सिंह के परिवार का प्रदेश की राजनीति में अपना कद है। इसी कारण सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद मंडी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा पराजित हुई और प्रतिभा सिंह ने बड़े अंतर से जीत दर्ज किया था।

प्रतिभा सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बाद पार्टी को शिमला संसदीय क्षेत्र के साथ कुल्लू व जनजातीय जिलों में भी चुनावी फायदा होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि वीरभद्र परिवार के नाम पर उनके सभी पुराने समर्थक एकजुट हो जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी शीर्ष नेतृत्व को हिमाचल की कमान प्रतिभा सिंह को सौंपने का सुझाव दिया था।