नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक दावा कर सनसनी मचा दी है। रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने दावा किया है कि चक्रव्यूह वाले भाषण के बाद उनके खिलाफ ईडी की रेड होने वाली है। उन्होंने गुरुवार देर रात 1:52 बजे सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यह बात लिखी।

राहुल गांधी ने दावा किया है कि ईडी के अंदरूनी लोगों ने ही उन्हें यह जानकारी दी है। राहुल गांधी ने अपने इस पोस्ट में लिखा, 'जाहिर है 2 इन 1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ईडी के अंदरूनी लोगों ने मुझे बताया कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है। मैं खुली बाहों, चाय और बिस्कुट के साथ ED का इंतजार कर रहा हूं।'

दरअसल, राहुल गांधी ने 29 जुलाई को संसद सत्र के दौरान बजट पर लोकसभा में जोरदार भाषण दिया था। इसी दौरान उन्होंने मौजूदा हालातों की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह से की। उन्होंने कहा कि छह लोगों का एक गुट पूरे देश को चक्रव्यूह में फंसा रहा है। ये 6 लोग, 'नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजित डोभाल, अडाणी और अंबानी हैं।'

राहुल ने कहा था, 'हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर 6 लोगों ने मारा था। चक्रव्यूह का दूसरा नाम है- पद्मव्यूह, जो कमल के फूल के शेप में होता है। इसके अंदर डर और हिंसा होती है। 21वीं सदी में एक नया चक्रव्यूह रचा गया है। देश के युवाओं को बेरोजगारी के चक्रव्यूह में फंसाया गया है।