भाजपा सरकार किसानों पर NSA लगाएगी लेकिन उन्हें MSP नहीं देगी, प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर हमला

प्रियंका गांधी ने कहा है कि यूपी के कई जिलों के किसान हज़ार रुपए तक का नुकसान उठा कर धान बेचने पर मजबूर हैं, कांग्रेस महासचिव ने इसके लिए योगी सरकार पर निशाना साधा है

Publish: Oct 19, 2021, 05:39 AM IST

लखनऊ। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी इन दिनों योगी सरकार पर लगातार एक के बाद एक हमला बोल रही हैं। कांग्रेस महासचिव ने इस मर्तबा धान के किसानों की लाचारी का मुद्दा उठाते हुए योगी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों पर एनएसए तो लगाएगी लेकिन उन्हें। एमएसपी नहीं देगी। 

प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर धान के किसानों की समस्या साझा की है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के कई ज़िलों में धान के किसान हजार रुपए तक का नुकसान उठा कर अपनी फसल बेचने पर मजबूर हैं। प्रियंका गांधी ने किसानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हक के लिए मजबूती से लड़ेगी। 

कांग्रेस नेता ने इस संबंध में एक रिपोर्ट भी साझा की है जिसमें यह दावा किया गया है कि इस समय उत्तर प्रदेश में धान के तीन तरह के भाव चल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सरकारी रेट 1940 रुपए प्रति क्विंटल है और व्यापारी किसानों से 1000 रुपए में धान खरीद रहे हैं। दो महीने बाद पैसे लेने की शर्त पर व्यापारी किसानों को प्रति क्विंटल 1200 से 1400 रुपए दे रहे हैं। 

प्रियंका गांधी ने रिपोर्ट को साझा करते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि भाजपा सरकार किसानों पर एनएसए लगाएगी, किसानों को धमकाएगी लेकिन, किसानों को एमएसपी नहीं देगी।उप्र के कई जिलों में किसान 900-1000 रू/क्विंटल का नुकसान उठाकर धान बेचने को मजबूर हैं, जोकि सरासर अन्याय है।एमएसपी किसानों का हक है। कांग्रेस पूरी मजबूती से इस हक के लिए लड़ेगी।

प्रियंका गांधी शुरुआत से ही किसानों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। लखीमपुर खीरी नरसंहार में मृतक किसानों के परिजनों की लड़ाई लड़ने के बाद प्रियंका गांधी योगी सरकार की नीतियों का और मुखरता के साथ विरोध कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के बढ़ते वर्चस्व को देखकर राज्य की सत्ताधारी पार्टी आगामी चुनावों को लेकर बैकफुट पर नज़र आ रही है।