कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी का अनोखा अंदाज़, बच्चों के लिए होटल में खुद बनाया डोसा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कर्नाटक चुनाव प्रचार के लिए इन दिनों कर्नाटक में है। इस अवसर पर उन्‍होंने मैसूर के प्राचीन होटल में खुद से डोसा बनाया और बच्चों समेत कांग्रेस नेताओं को खिलाया।

Updated: Apr 26, 2023, 05:47 PM IST

मैसूर। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का कैम्पेन जोर-शोर से चल रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी इन दिनों कर्नाटक दौरे पर हैं। बुधवार को मैसूर पहुंचीं प्रियंका गांधी का अनोखा अंदाज देखने को मिला। दरअसल, उन्होंने एक होटल में खुद से डोसा बनाया और वहां मौजदू बच्चों को खिलाया। इस दौरान कर्नाटक पीसीसी चीफ डीके शिवकुमार और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मौजूद थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रियंका गांधी को होटल के किचन में कर्मचारियों के साथ बातचीत करते और डोसा बनाते हुए देखा जा सकता है। ये रेस्तरां Mylari Hotel बताया जा रहा है, जो मैसूरु के सबसे पुराने रेस्टोरेंट्स में से एक है।

प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट में लिखा, "आज सुबह मयालरी होटल मालिकों के साथ डोसा बनाने का आनंद लिया। ईमानदारी, कड़ी मेहनत और बिजनेस का एक चमकदार उदाहरण। आपके शानदार आतिथ्य के लिए धन्यवाद। डोसा भी स्वादिष्ट था। अपनी बेटी को डोसा ट्राई करने के लिए मैसूर लाने का इंतजार नहीं कर सकती "

प्रियंका ने चिकमंगलुर जिले के श्रृंगेरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल की लोकसभा सदस्यता खत्म करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "इंदिरा गांधी के खिलाफ भी एक केस लगाकर उन्हें संसद से निकाल दिया गया था। लेकिन आप उन्हें संसद में वापस लाए। आज उनके पोते राहुल पर भी फर्जी केस डालकर संसद से निकाल दिया गया है। राहुल को पूरा विश्वास है कि इस देश की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी। हम सच्चाई के लिए संघर्ष कर रहे हैं।"

बता दें कि 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा के लिए चुनाव 10 मई को एक ही चरण में होगा, जिसकी मतगणना 13 मई को होनी है।