राहुल गांधी को मणिपुर में चुराचांदपुर रिलीफ कैंप जाने से रोका गया, इंफ़ाल वापस लौटे

विष्णुपुर के एसपी ने कहा कि राहुल समेत किसी को आगे नहीं जाने दिया जा सकता है। हमारे लिए उनकी सुरक्षा प्राथमिकता है। वहां आगजनी हुई है और कल रात भी हालात बदतर थे।

Updated: Jun 29, 2023, 03:38 PM IST

इंफाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मणिपुर पहुंच गए हैं। लेकिन हिंसा पीड़ितों से मुलाकात करने जा रहे राहुल गांधी को रास्ते में रोक दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे हालत बदतर हैं। लिहाजा राहुल गांधी के काफिले को आगे जाने नहीं दिया जा सकता। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार दोपहर दो दिवसीय मणिपुर दौरे पर पहुंचे थे। राहुल गांधी चुराचांदपुर रिलीफ कैंप में पीड़ितों से मिलने और उनके हालात जानने जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें इंफाल से 20 किलोमीटर दूर विष्णुपुर के पास रोक दिया।

विष्णुपुर के एसपी ने कहा कि राहुल गांधी अथवा किसी अन्य को आगे नहीं जाने दिया जा सकता है। हमारे लिए उनकी सुरक्षा प्राथमिकता में है। वहां आगजनी हुई है और कल रात भी हालात बदतर थे।

वहीं, कांग्रेस ने राहुल गांधी को रोके जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'राहुल गांधी जी मणिपुर हिंसा के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे। BJP सरकार ने पुलिस लगाकर उन्हें रास्ते में रोक दिया। राहुल जी शांति का संदेश लेकर मणिपुर गए हैं। सत्ता में बैठे लोगों को शांति, प्रेम, भाईचारे से सख्त नफरत है। लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए... ये देश गांधी के रास्ते पर चलेगा, ये देश प्यार के रास्ते पर चलेगा।' 

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को इंफाल पहुंचे, जहां 3 मई से जारी जातीय हिंसा में अब तक 120 लोगों की जान जा चुकी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक पहली बार हिंसा भड़कने के बाद से 50,000 से अधिक पुरुष, महिलाएं और बच्चे अब राज्यभर में 350 से अधिक राहत शिविरों में रह रहे हैं। राहुल गांधी शांति का संदेश लेकर मणिपुर पहुंचे हैं।