नई दिल्ली। अपने अजीबो गरीब बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख रामदास आठवले एक बार फिर चर्चा में हैं। रामदास आठवले ने कहा है कि अमेरिका के कैपिटल हिल में हुई हिंसा से उनकी यानी रामदास आठवले की पार्टी की छवि खराब हो रही है। इसलिए आठवले डोनाल्ड ट्रंप को समझाएंगे। 

आठवले ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप का बर्ताव इन दिनों ठीक नहीं है। और इस वजह से उनकी पार्टी की छवि खराब हो रही है। आठवले ने नासिक में मीडिया से बातचीत के दौरान यह बात कही। आठवले ने यहां तक कहा कि वे ट्रंप को फोन करके उन्हें ऐसा न करने के लिए समझाएंगे। दरअसल डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी का नाम भी रिपब्लिकन है और रामदास आठवले की पार्टी भी रिपब्लिकन है। रामदास आठवले के इस दावे में कितनी सच्चाई है यह तो आठवले खुद ही भली भांति जानते होंगे। लेकिन फिलहाल के लिए लोगों का मनोरंजन आठवले ने कर ही दिया है। 

बीते गुरुवार अमेरिका के कैपिटल हिल में जब इलेक्टोरल कॉलेज की प्रक्रिया चल रही थी, उस समय सैकड़ों की संख्या में ट्रंप के समर्थक इमारत पर चढ़कर अंदर घुस आए और पूरे कैपिटल हिल पर धावा बोल दिया। ट्रंप का समर्थन करते हुए कैपिटल हिल में घुसे लोगों ने काफी तोड़फोड़ की और कई दफ्तरों पर कब्ज़ा भी जमा लिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चार लोगों की मौत हो गई।

कैपिटल हिल में हुई घुसपैठ के बाद न सिर्फ अमेरिका बल्कि दुनियाभर में ट्रंप की निन्दा हो रही है। दुनियाभर में इसे कट्टर दक्षिणपंथ के परिणाम के तौर पर देखा जा रहा है। कई जगहों पर दक्षिणपंथी सत्ता के कथित दुष्परिणामों की चर्चा भी चल रही है। विशेषकर भारत में इसे मौजूदा केंद्र सरकार और बीजेपी के तौर तरीकों से तुलना कर देखा जा रहा है।