चितौड़गढ़ में नीमच के 8 लोगों की सड़क हादसे मौत, 9 लोग घायल

मध्य प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने दुख जताया है, प्रधानमंत्री ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर की हैं

Updated: Dec 13, 2020, 06:43 PM IST

Photo Courtesy : Sanjeevni Today
Photo Courtesy : Sanjeevni Today

जयपुर/भोपाल। राजस्थान के चितौड़गढ़ ज़िले में एक जीप और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में आधा दर्जन से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं। घायलों को अलग-अग अस्पतालों में इलाज़ के लिए भर्ती कराया गया है। सभी लोग मध्य प्रदेश के नीमच जिले के रहने वाले हैं। इस दर्दनाक हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से भी दुख जाहिर किया गया है।

दुर्घटना की जानकारी देते हुए चितौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह हादसा निंबाहेड़ा हाईवे पर सदुलखेडा के पास हुआ है। जीप और ट्रक की टक्कर इतनी भयानक थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 9 लोग घायल हो गए हैं। उनमें से दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए कहा, निकुम्भ, ज़िला चित्तौड़गढ़, राजस्थान में नीमच निवासी आठ लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्य होने का दुःखद समाचार मिला है।ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें, उनके परिवार के सदस्यों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ करें।

 राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अपनी संवेदनाएं वयक्त करते हुए कहा कि चितौड़गढ़ में सड़क हादसे की खबर सुनकर दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवार के साथ हैं। इस दुख की घड़ी में भगवान उनके परिवार को साहस दे। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

प्रधानमंत्री की ओर से पीएमओ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी दुर्घटना पर शोक जाहिर किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से जारी शोक संदेश में कहा गया है, "निकुंभ में हुए हादसे का समाचार सुनकर दर्द की अनुभूति हो रही है। मृतक के परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल मिले। घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"